अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: गुमला जिले के चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बुधवार को परिवार विकास संस्था द्वारा मासिक धर्म स्वच्छता पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई और स्वास्थ्य से जुड़ी सावधानियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत सीएचसी प्रभारी डॉ. धर्मनाथ ठाकुर के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि यह संक्रमण से बचाव और महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य के लिए अहम होता है।
परिवार विकास संस्था के फील्ड कोऑर्डिनेटर कपिल देव यादव ने कहा कि मासिक धर्म स्वच्छता दिवस का आयोजन पूरे देश में हो रहा है, ताकि इस विषय पर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सके और महिलाओं को सही जानकारी दी जा सके।
कार्यक्रम के दौरान एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें प्रतिभागियों को चार समूहों में बांटकर मासिक धर्म से जुड़े तीन चक्रों में प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले समूहों को पुरस्कार दिए गए।
इस अवसर पर एएनएम पुष्पा मिंज और विक्टोरिया खलखो ने भी मासिक धर्म से जुड़ी स्वास्थ्य जानकारियां साझा कीं और उपस्थित लोगों के सवालों के जवाब दिए। कार्यक्रम ने महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मासिक धर्म के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

