रांची। अंजुमन इस्लामिया रांची का सीमाक्षेत्र एवं कार्यक्षेत्र बढ़ानेे समेत समय पर चुनाव कराने की मांग काे लेकर गुरुवार को अंजुमन बचाओ मोर्चा के तत्वावधान में विभिन्न संगठनों का एक प्रतिनिधिमंडल वक्फ बोर्ड अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सेे मिला और इससेे संबंधित ज्ञापन सौंपकर उचित कार्यवाही की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए लेखक सह समाजसेवी रमजान कुरैशी ने कहा अंजुमन इस्लामिया रांची की मौजूदा कार्यसमिति का कार्यकाल 30 अगस्त 2025 को पूरा हो रहा है। लेकिन अंजुमन इस्लामिया रांची के बायलॉज के मुताबिक अब तक वर्तमान कार्यसमिति ने चुनाव संयोजक का चयन नहीं किया है। इससे मालूम होता है की मौजूदा कार्यसमिति समय पर अंजुमन का चुनाव कराने की पक्षधर नहीं है। अंजुमन के मतदाताओं की संख्या और इसके कार्यक्षेत्र काे देखते हुए अब तक चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर देनी चाहिए क्योंकि इसकी मतदाता सूची तैयार करने और मतदान संपन्न कराने में लंबा समय लगता है। ऐसे में अब तक चुनाव संयोजक का चयन नहीं करना अंजुमन इस्लामिया के बायलॉज का उल्लंघन करने जैसा है।
निकाय चुनाव का पड़ सकता है असर
रमजान कुरैशी ने बातचीत मेें बताया कि इधर हाईकाेर्ट के आदेश से सरकार निकाय चुनाव की भी तैयारी कर रही है। सर्वे का कार्य जारी है। यदि अंजुमन इस्लामिया रांची के चुनाव केे लिए अभी से तैैयारी शुरू नहीं की गई तो निकाय चुनाव का असर सौ फीसदी अंजुमन चुनाव पर पड़ेगा, इससे इनकार नहीं किया जा सकता। यदि ऐसा हुआ तो अंजुमन चुनाव 5-6 माह लंबित हाे सकता है।
बढ़ाया जाए सीमा एवं कार्यक्षेेत्र
प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त रूप से कहा अंजुमन इस्लामिया रांची का सीमाक्षेत्र एवं कार्यक्षेत्र बढ़ाने की अवश्यकता है। पिछले 35-40 वर्षों में रांची के शहरी और ग्रामीण इलाकों में आबादी में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हुई है। सीमाक्षेत्र में भी काफी परिवर्तन हुए हैं। इसलिए वक्त के साथ देही इलाकों का दायरा अंजुमन इस्लमिया रांची में शामिल किया जाए। अंजुमन के बायलॉज में आवश्यक संशोधन कर देही इलाकाें के मुसलमानों को भी अंजुमन इस्लमिया रांची की ओर से राजनीतिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक अधिकार प्रदान कर उनका सर्वांगीण विकास की दिशा मेंं ठोस पहल किया जाए।



