अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: मणिपुर में सुरक्षा बलों को उग्रवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कांगलेइपक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वॉर ग्रुप) के एक सक्रिय कैडर मूतुम मनोचा सिंह उर्फ खुल्लकपा (44 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी बिष्णुपुर जिले के कैबुल लामजाओ थाना क्षेत्र के अंतर्गत लोकटक झील के चाम्पु खांगपोक इलाके में एक तैरते हुए झोपड़े से की गई।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से 9 एमएम की पिस्तौल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। झोपड़ी से लंबे समय तक रहने के संकेत देने वाले सामान भी मिले, जिनमें कंबल, गैस स्टोव, टेबल फैन, प्रेशर कुकर और अन्य दैनिक उपयोग की चीजें शामिल थीं। यह स्थान भूमिगत उग्रवादियों के लिए ट्रांजिट पॉइंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।
पूछताछ के बाद सुरक्षाबलों ने बिष्णुपुर जिले के ही नाचौ अवांग लीकाई और पट्टन सलाम माटन क्षेत्र में छापेमारी की। यहां से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त किए गए, जिनमें एक एम-1 राइफल, तीन मैगजीन, 5.56 एमएम के 31 जिंदा कारतूस, दो एसएमजी कार्बाइन और दो मैगजीन शामिल हैं।
यह ऑपरेशन मणिपुर में भूमिगत उग्रवादी नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। सुरक्षाबल और खुफिया एजेंसियां अब इन झोपड़ियों से जुड़े अन्य ठिकानों और स्लीपर सेल्स की तलाश में जुट गई हैं।
इस अभियान से न सिर्फ सुरक्षा एजेंसियों का मनोबल बढ़ा है, बल्कि आम जनता को भी राहत मिली है कि उग्रवादी गतिविधियों पर लगाम कसी जा रही है।

