Patna News: बिहार में 20 नवंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होना है और उसी से पहले एक नाम लगातार चर्चा में है- मैथिली ठाकुर। अलीनगर से पहली बार चुनाव जीतकर आईं यह युवा चेहरा अब मंत्रिमंडल में जगह मिलने की अटकलों के बीच घिरा हुआ है।
पटना में भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होने पहुंचीं मैथिली से जब पूछा गया कि क्या उन्हें मंत्री पद मिल सकता है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि पार्टी जो भी निर्णय लेगी, वही उनके लिए मान्य होगा।
“मेरे लिए सब नया है, लेकिन सीखने की कोशिश कर रही हूं”
मीडिया से बात करते हुए मैथिली ने अपनी जीत पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह सब उनके लिए नई शुरुआत जैसा है और वे इस जिम्मेदारी को सीखने और समझने की कोशिश कर रही हैं। मंत्री पद पर उन्होंने साफ कहा कि निर्णय पार्टी का होगा- और वह जो भी कहेगी, वही अंतिम होगा।
कम उम्र में जीत पर उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है और वे कोशिश करेंगी कि जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरी उतरें।
जनता के मुद्दे, कला से जुड़ी योजनाएं और आगे की तैयारी
अपनी आगे की योजनाओं का जिक्र करते हुए मैथिली ने कहा कि उनका मैनिफेस्टो बहुत बड़ा है और उसमें हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ शामिल है। उन्होंने कहा कि सबसे जरूरी है कि इन योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचे और कोई भी व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
एक कलाकार होने के नाते उन्होंने कहा कि वे महिलाओं और बच्चियों में छिपी कला को प्रोत्साहित करने पर भी काम करना चाहेंगी। उनका कहना था कि वे अक्सर कई लड़कियों को देखती हैं जो गाना चाहती हैं, लेकिन उन्हें अवसर नहीं मिल पाता।
पहली बार विधायक दल की बैठक में शामिल हुईं
जीत के बाद यह पहली बार था जब मैथिली ठाकुर भाजपा दफ्तर पहुंचीं। मंगलवार को एक समारोह में उन्हें मंच से भगवान कृष्ण के भजन गाते भी देखा गया। वहां मौजूद लोग भी उनके साथ सुर में सुर मिलाते नजर आए। अब नजरें इस बात पर हैं कि शपथ ग्रहण के बाद नई सरकार में उन्हें जिम्मेदारी मिलती है या नहीं।



