Bokaro News: बेरोजगारी की बढ़ती समस्या के बीच बोकारो के युवाओं के लिए शुक्रवार का दिन उम्मीदों से भरा रहा। चास स्थित बिरसा विकास औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र (आईटीआई) में लार्सन एंड टुब्रो (एल & टी) सीएसटीआई की ओर से कैंपस सेलेक्शन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के करीब 100 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें से 30 छात्रों का चयन इलेक्ट्रिशियन और फीटर पदों पर किया गया।
लार्सन एंड टुब्रो एक भारतीय बहुराष्ट्रीय कंपनी है, जो ईपीसी प्रोजेक्ट्स, हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग और सेवाओं के क्षेत्र में विश्वस्तरीय काम करती है। कंपनी का संचालन 50 से ज्यादा देशों में होता है और इसे देश की सबसे भरोसेमंद कंपनियों में गिना जाता है। एल & टी का बिरसा विकास आईटीआई जैसे संस्थान में आना छात्रों और पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम के दौरान कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर अस्वत अरुण शेट्टी ने ऑनलाइन छात्रों से संवाद किया। उन्होंने एल & टी सीएसटीआई के बारे में वीडियो प्रस्तुति दी और कहा कि बिरसा विकास आईटीआई के छात्र मेहनती और अनुशासित हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी संस्थान से 75 छात्रों का चयन हुआ था, जिन्होंने अपने काम से कंपनी का नाम रोशन किया। इसी भरोसे के कारण इस वर्ष भी कंपनी ने यहां कैंपस सेलेक्शन आयोजित किया है।
संस्थान की प्राचार्या शीला कुमारी ने बताया कि यहां के प्रशिक्षकों द्वारा छात्रों को बेहतर और व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसकी वजह से कंपनियां भरोसा जताती हैं। उन्होंने कहा कि यहां से प्रशिक्षण लेने वाले लगभग सभी छात्र आज कहीं न कहीं नियुक्त होकर परिवार और समाज का सहारा बने हुए हैं।
इस कैंपस सेलेक्शन में 10 छात्रों का चयन इलेक्ट्रिशियन और 20 का फीटर पदों के लिए हुआ। चयन प्रक्रिया इंटरव्यू और तकनीकी मूल्यांकन के आधार पर पूरी की गई। चयनित छात्रों ने खुशी जताई और कहा कि यह अवसर उनके करियर के लिए एक मजबूत कदम साबित होगा।



