अपनी भाषा चुनेें :
बोकारो:- बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-3C के क्वार्टर नंबर 172 में मंगलवार रात चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी को अंजाम दिया।चोरों ने लगभग 15 लाख रुपए के गहने, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चुरा लिए। घटना के समय घर की मालकिन रीना श्रीवास्तव परिवार के साथ शादी में शामिल होने जैनामोड़ गई थीं।रीना श्रीवास्तव के बेटे शुभम श्रीवास्तव ने बताया कि रात करीब 2 बजे जब वह घर लौटे तो पीछे का गेट टूटा मिला। घर के अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घर का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सुबह औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही।स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्षेत्र में बीते दिनों चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। इस घटना ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने कहा है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे चोरों की पहचान में मदद मिल सकती है।
फिलहाल, पुलिस चोरी गए सामान की सटीक सूची और कुल नुकसान का आकलन कर रही है। पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।

