Jharkhand News: लातेहार जिले में गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) संगठन के तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया। चंदवा थाना क्षेत्र के हड़गड़वा जंगल में यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान जिन नक्सलियों को पकड़ा, उनमें चंदवा निवासी संतोष उरांव, लोहरदगा के कुडू निवासी बालक राम और बालूमाथ निवासी आशीष उरांव शामिल हैं। इनके पास से दो देसी बंदूकें, सात गोलियां और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं।
डीएसपी अरविंद कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन नक्सलियों की योजना किसी बड़ी हिंसक घटना को अंजाम देने की थी। पुलिस टीम ने समय रहते कार्रवाई कर उन्हें दबोच लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ये नक्सली इलाके में लोगों को डराकर रंगदारी वसूलते थे।
इनके खिलाफ लातेहार और आसपास के जिलों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में इन्होंने चंदवा थाना क्षेत्र के सेरक गांव में एक ईंट भट्ठा और क्रेशर प्लांट पर फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। पुलिस को इनकी लंबे समय से तलाश थी।



