Saraikela/Kharsawan News: जिले में अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने सोमवार की रात विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सरायकेला-खरसावां पुलिस की 24 टीमों ने एक साथ 100 से अधिक ठिकानों पर दबिश दी। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित 25 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं 109 आरोपपत्रित अपराधियों का सत्यापन भी किया गया।
इस बड़े ऑपरेशन का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक ने स्वयं किया। वे पूरी रात क्षेत्र में घूमते रहे और टीमों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला और चांडिल, सभी थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक समेत 167 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
सत्यापित किए गए अपराधियों में 39 आर्म्स एक्ट, 31 एनडीपीएस एक्ट, 5 हत्या, 4 उत्पाद अधिनियम, 26 संपत्ति संबंधी अपराध और 4 नक्सल कांड से जुड़े आरोपी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में भय पैदा होगा और जिले में शांति व्यवस्था कायम रहेगी। ऐसे विशेष ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे।



