Bihar News: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपने पोते का नाम ‘इराज’ रखा है। यह नाम तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री के नवजात बेटे को दिया गया है। इस बात की जानकारी खुद लालू यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर साझा की है।
लालू यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, “हमारी पोती कात्यायनी के छोटे भाई का नाम मैंने और राबड़ी देवी ने ‘इराज’ रखा है। तेजस्वी और राजश्री ने उसका पूरा नाम ‘इराज लालू यादव’ रखा है।” उन्होंने यह भी बताया कि इस नामकरण के पीछे धार्मिक महत्व भी जुड़ा हुआ है।
नाम के पीछे छिपा है धार्मिक संदर्भ
लालू ने बताया कि उनकी पोती कात्यायनी का जन्म शारदीय नवरात्रि के छठे दिन कात्यायनी अष्टमी को हुआ था, इसलिए उसका नाम कात्यायनी रखा गया। वहीं, यह नन्हा बालक मंगलवार को जन्मा, जो कि हनुमान जी का दिन माना जाता है। इसीलिए उसका नाम ‘इराज’ रखा गया है।
उन्होंने अपने पोस्ट में नवजात और उसकी मां के स्वस्थ होने की जानकारी भी दी और सभी से शुभकामनाओं और आशीर्वाद की कामना की।
तेजस्वी यादव और राजश्री ने अप्रैल 2023 में अपनी बेटी का नाम ‘कात्यायनी’ रखा था और अब उनके बेटे का नाम ‘इराज लालू यादव’ रखे जाने से परिवार में खुशी का माहौल है।
लालू प्रसाद यादव द्वारा पोते के नामकरण की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इस पर अपनी शुभकामनाएं दे रहे हैं।



