अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार में बारिश के आते ही पुलों के धंसने का मामला सामने आया है। इस बार गयाजी में बने एक पुल का पाया धंस गया है। पुल का पाया धंसने के बाद सड़क पर आवागमन को लेकर लोगों को चेताया गया है। जानकारी के अनुसार गयाजी के डोभी प्रखंड क्षेत्र में पुल का एक पाया धंसा है।
बताया जाता है कि जिले में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच कोठवारा-बैरिया पुल क्षतिग्रस्त हुआ है। जिससे पुल में कई जगह दरारें आ गई हैं। बता दें कि कोठवारा-बैरिया पुल 3 साल पहले 2022 में बनकर तैयार हुआ था। निर्माण के तीसरे साल ही पुल का एक पाया धंसने से इस पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह आश्चर्य की बात है कि इतनी जल्दी आखिर पुल क्षतिग्रस्त कैसे हुआ। पुल का एक पाया धंसने के बाद किसी भी प्रकार के हादसे से बचाव के लिए भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। एक बैनर लगाकर भी चेताया गया है। बैनर में लिखा हुआ है, कि यह पुल आवागमन के लिए सुरक्षित नहीं है।
शेरघाटी के एसडीओ ने कहा कि कोठवारा-बैरिया पुल के धंसने की जानकारी अभी तक नहीं मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उन्होंने सीओ को इस संबंध में निर्देश दिए हैं।

