अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa: तांबो स्थित खुटकट्टी मैदान में मंगलवार को कोल्हान बह रुमुल आयोजन समिति द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें आगामी 15 मार्च 2026 को होने वाले कोल्हान बह रुमुल सह सांस्कृतिक यात्रा के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय सारील देवगम ने कहा कि बह पर्व के 10 ताड़ में गेना, गाड़ूवा, चंगुड़िया, दांवडिया, जापे, जादूर, केंमटा, सार, ले और राचा को आज की पीढ़ी धीरे-धीरे भूलती जा रही है। इन पारंपरिक विधाओं को संरक्षित और पुनर्जीवित करने के लिए समिति द्वारा विशेष पहल की जा रही है।
समिति के सचिव रेयांस सामड ने बताया कि विलुप्त हो रही संस्कृति को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से बह पर्व के 10 ताड़ पर आधारित नृत्य और गीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होकर रात 8 बजे तक चलेगा। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक यात्रा का रूट चार्ट शाम 4 बजे आयोजन स्थल खुटकट्टी मैदान से शुरू होकर तांबो चौक, गौशाला चौक, टुंगरी, पोस्ट ऑफिस चौक, सदर थाना, जैन मार्केट और कोर्ट परिसर होते हुए पुनः आयोजन स्थल तक निर्धारित किया गया है।
आयोजन समिति के सलाहकार प्रियतम प्रकाश पूरती ने कहा कि आधुनिक युग में बह रुमुल के माध्यम से बह पर्व, पारंपरिक संस्कृति और वेशभूषा के मूल स्वरूप को प्रदर्शित करना आवश्यक है। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और परंपराओं के महत्व को समझाना है।
अध्यक्ष संजय सारील देवगम ने सभी सामाजिक अगुवाओं, बुद्धिजीवियों और युवा वर्ग से सांस्कृतिक यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की, ताकि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जा सके।
प्रेस वार्ता में कोषाध्यक्ष सत्यजीत सुंडी, संरक्षक बबलू बानरा, मीडिया सचिव विकाश उगुरसंडी, श्याम कुदादा, गुरा सिंकू, सन्नी संदीप देवगम, बिरसिंह बानरा, जगबंधु बानरा, भगवान सवैया, जेनाराम बानरा और कृष्णा बिरुली उपस्थित रहे।

