Koderma news: सेक्रेड हार्ट स्कूल ने अपने विद्यालय की पूर्व छात्रा डॉ रितु मोदी को सम्मानित किया। डॉ रितु मोदी ने 2010 में इस विद्यालय से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी। रितु मोदी विद्यालय की पहली छात्रा है जिन्होंने डॉक्टर बनकर अपने माता-पिता और विद्यालय को गौरवन्वित किया है। इस मौके पर विद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार, प्राचार्य प्रमोद कुमार शर्मा और उप प्राचार्य प्रवीण कुमार ने बुके और प्रशस्ति पत्र देकर उनका स्वागत किया।
उन्होंने मिठाई खिलाकर सफलता के लिए बधाई दी। निर्देशक प्रमोद कुमार ने कहा कि रितु बचपन से ही मेधावी और जिज्ञासु प्रवृत्ति की रही है। ऋतु के मन में बचपन से ही कुछ अलग करने की ललक थी। उन्होंने कहा कि बेटियां आज जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के परचम लहरा रही हैं।
डॉ रितु मोदी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और एकाग्रता सफलता के सूत्र हैं। उन्होंने बच्चों को मोबाइल से दूर रहकर निरंतर अभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप कभी यह मत सोचो कि आप छोटे शहर से हो।
अक्सर छोटे शहरों में ही बड़ी-बड़ी प्रतिभाएं होती हैं। उन्होंने बच्चों के द्वारा पूछे गए कई सवालों के जवाब भी दिए। प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने रितु को बधाई दी और कहा कि सेक्रेड का इतिहास उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने रितु से प्रेरणा लेकर बच्चों को आगे बढ़ाने की सलाह दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉक्टर रितु मोदी रांची रिम्स में मेडिकल ऑफिसर के रूप में अपनी सेवा दे चुकी हैं और फिलहाल पटना एम्स में कार्यरत हैं।
उनकी दो बहनो में मेघा मोदी बैंक आफ इंडिया में सीनियर कैशियर हैं जबकि दूसरी बहन आकांक्षा सीए है। बता दें की ऋतु के पिता रामजी मोदी कुशल व्यवसायी और माता विनीता मोदी कुशल गृहणी हैं। इस मौके पर रितु की मां विनीता मोदी, कोडरमा हाई स्कूल से अवकाश प्राप्त शिक्षक अनंत ठाकुर, किशोर कुणाल, कुरेश शर्मा, संयुक्ता बिद, अमृत झा, प्रियंका मित्रा विश्वास के अलावा कई बच्चे मौजूद थे।



