अपनी भाषा चुनेें :
Koderma News: कोडरमा जिले में वैवाहिक जीवन का ड्रामा एक फुल-ऑन एक्शन सीन में बदल गया। मोरियावां निवासी टुनटुन बर्णवाल अपनी पत्नी राखी बर्णवाल से चल रहे झगड़े को सुलझाने के लिए बुधवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ ससुराल सोनेडीह (मरकच्चो थाना क्षेत्र) पहुंच गए।
पत्नी को मनाने की नीयत थी, लेकिन नतीजा ठीक उलटा निकला। जैसे ही ससुर महेंद्र मोदी और उनके भाई को पता चला कि दामाद गांव में आया है, उन्होंने मौके पर पहुंचकर पहले तो उसके दोस्तों को भगा दिया, फिर टुनटुन को पकड़कर “पारिवारिक समझौते” की जगह पारिवारिक धुलाई कर दी।
बताया जा रहा है कि टुनटुन को घर में बंधक बनाकर उसकी जमकर पिटाई की गई। इधर, टुनटुन के दोस्तों ने फोन कर पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मरकच्चो पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे “रिहा” कराया और थाने ले आई। अब पति-पत्नी की यह किचकिच पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पत्नी बोलीं- “वो तो खुद अत्याचारी हैं!”
दूसरी ओर, राखी बर्णवाल ने अपने पति पर ही प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि टुनटुन उन्हें लगातार मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान करता रहा है।
“मैं छह महीने तक ससुराल में रही, लेकिन खर्चा मेरे पिता उठा रहे थे। पति ने कभी जिम्मेदारी नहीं निभाई,” — राखी ने कहा।
राखी ने महिला थाना कोडरमा में पहले से ही एक आवेदन दिया हुआ है। वहीं, उसके पिता ने कहा कि मारपीट की कहानी पूरी तरह झूठी और मनगढ़ंत है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की बात सुन रही है, लेकिन मोहब्बत की इस कहानी में अब लाल घाव और काली स्याही का नया अध्याय जुड़ गया है।

