Jamshedpur News: परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के समीप बने इमामबाड़ा मैदान को रेलवे द्वारा चहारदीवारी किए जाने के प्रयास का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया है। यह मैदान वर्षों से धार्मिक, सामाजिक और खेलकूद गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है, ऐसे में इसके घेराव को लोग जनभावनाओं के खिलाफ बता रहे हैं।
मंगलवार को जब रेलवे की टीम जेसीबी मशीन लेकर मैदान पहुंची और चहारदीवारी का काम शुरू करने की तैयारी की, तभी स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और तीव्र विरोध जताना शुरू कर दिया। इस तीखे विरोध को देखते हुए रेलवे की टीम को बिना काम शुरू किए ही वापस लौटना पड़ा। इसके बाद इलाके में इस मुद्दे को लेकर चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।
मुहर्रम कमेटी ने पूछा कारण, प्रतिनिधिमंडल करेगा डीआरएम से मुलाकात
स्थानीय मुहर्रम कमेटी ने रेलवे की कार्रवाई पर सीधे सवाल उठाते हुए कहा है कि यदि रेलवे को इस जमीन की वास्तव में कोई आवश्यकता है, तो उसके उपयोग की स्पष्ट जानकारी दी जाए। कमेटी का कहना है कि बिना किसी ठोस वजह के मैदान को घेरना उचित नहीं है और इससे इलाके के लोगों को अनावश्यक परेशानी होगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जनहित की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बताया गया है कि इस पूरे मामले की जानकारी रेलवे के आईओडब्ल्यू विभाग को दे दी गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल डीआरएम से मुलाकात कर अपनी आपत्ति और मांगों को लिखित रूप में रखेगा। फिलहाल चहारदीवारी का काम रुका हुआ है।



