अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चैनपुर/गुमला :-चैनपुर प्रखंड परिसर में सोमवार को किसानों को रबी फसल के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बैंक ऑफ इंडिया एवं झारखंड राज्य सहकारी बैंक, चैनपुर शाखा के अधिकारियों द्वारा किसानों को केसीसी ऋण योजना और इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा ने किसानों से अपील की कि वे समय का सदुपयोग करते हुए किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करें। उन्होंने कहा कि केसीसी के माध्यम से प्राप्त ऋण का उपयोग रबी फसल की खेती में कर किसान अपनी पैदावार बढ़ा सकते हैं और आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त कर कम ब्याज दर पर सुलभ ऋण उपलब्ध कराना है।
शिविर के दौरान कृषि विभाग के कर्मियों और बैंक अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके दस्तावेजों की जांच की। मौके पर कुल 12 नए किसान क्रेडिट कार्ड के आवेदन प्राप्त किए गए, जिन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित बैंकों को भेजा जाएगा।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा, बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक संदीप कुमार, झारखंड राज्य सहकारी बैंक के राहुल कुमार, बीटीएम राजेंद्र तिर्की सहित प्रखंड क्षेत्र के सभी कृषि मित्र, एटीएम, बीटीएम एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित थे। किसानों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए इसे रबी खेती के लिए सहायक पहल बताया

