Ranchi: झारखंड के लोगों को लग रहा था कि अब ठंड विदा हो रही है, लेकिन कुदरत के मन में कुछ और ही है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से राज्य में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने मंगलवार को चेतावनी जारी करते हुए बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के दबाव के कारण राज्य में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे और कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की जाएगी।
कैसा रहेगा आने वाले दिनों का हाल?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और पंजाब के इलाकों में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर अब झारखंड तक पहुँच रहा है। इसकी वजह से आसमान में आंशिक से लेकर घने बादल छा सकते हैं। मंगलवार को राजधानी रांची में सुबह धूप खिलने से हल्की गर्मी महसूस हुई, लेकिन दोपहर होते-होते ठंडी हवाओं ने दस्तक दे दी और बादलों की आवाजाही शुरू हो गई।
तापमान में भारी उतार-चढ़ाव
झारखंड में फिलहाल अजीबोगरीब मौसमी स्थिति बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में जहां चाईबासा 31.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं गुमला में पारा गिरकर 8.4 डिग्री तक पहुँच गया। यह रिकॉर्ड किया गया तापमान दर्शाता है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सर्दी और गर्मी के बीच जंग जारी है।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस):
-
रांची: अधिकतम 26.4, न्यूनतम 13.2
-
जमशेदपुर: अधिकतम 30.0, न्यूनतम 13.4
-
डालटेनगंज: अधिकतम 28.6, न्यूनतम 10.5
-
बोकारो: अधिकतम 27.1, न्यूनतम 12.1
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि अचानक होने वाले इस बदलाव से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है, इसलिए लोग एहतियात बरतें।
इस खबर को भी पढ़ें : झारखंड में फिर करवट लेगा मौसम: 4 जिलों में बारिश के आसार, बढ़ेगी कनकनी!



