Kandra: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। रेलवे ओवरब्रिज से एक महिला ने अचानक छलांग लगा दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को कुछ समझने या रोकने का मौका तक नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को तुरंत उठाकर ऑटो के जरिए कांड्रा थाना पहुंचाया, जहां से पुलिस ने बिना देर किए उसे बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है, लेकिन अंदरूनी चोटों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इधर पुलिस ने महिला की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन उसने अपने बारे में कोई भी जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया, जिससे मामले की जांच जटिल हो गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि महिला कहां की रहने वाली है और उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या का प्रयास था या इसके पीछे कोई अन्य वजह छिपी हुई है।



