अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: एक सनसनीखेज मामला राजस्थान के जोधपुर जिले के बालोतरा कस्बे से सामने आया है, जहां एक युवक ने रील बनाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी। युवक ने रेलवे ट्रैक के बीच लेटकर एक वीडियो शूट किया जिसमें ट्रेन उसके ऊपर से गुजरती दिख रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होते ही वायरल हो गया और हजारों लोगों ने इसे शेयर कर दिया कुछ लोगों ने इसे साहस बताया तो कई लोगों ने इसकी कड़ी आलोचना की, इस स्टंट से युवक की जान भी जा सकती थी।
यह घटना बालोतरा रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में युवक को ट्रैक के बीच लेटे हुए देखा जा सकता है और कुछ ही पलों बाद एक ट्रेन उसके ऊपर से गुजर जाती है। इस पूरी घटना का वीडियो उसके किसी साथी ने रिकॉर्ड किया और इसे एडिट कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। गनीमत यह रही कि युवक सही-सलामत ट्रैक से उठ खड़ा हुआ. लेकिन, अगर ट्रेन की कोई निचली संरचना शरीर से टकरा जाती, या युवक घबरा जाता, तो यह वीडियो उसकी मौत का कारण बन सकता था।
वीडियो वायरल होते ही बालोतरा पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए युवक की पहचान की और उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने युवक से पूछताछ की और रेल प्रशासन के साथ मिलकर मामले की जांच शुरू की। युवक ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने यह वीडियो सिर्फ इंस्टाग्राम पर रील डालने और वायरल होने की मंशा से बनाया था। बाद में युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर माफी मांगी। उसमें उसने स्वीकार किया कि उसने बहुत बड़ी गलती की है और भविष्य में ऐसा खतरनाक स्टंट दोबारा नहीं करेगा। साथ ही उसने अन्य युवाओं से भी अपील की कि वे ऐसे जानलेवा स्टंट न करें।

