Dumka News: झारखंड के दुमका जिले में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सुंदरा फलान गांव में एक सनकी आशिक ने घर में घुसकर दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी और दो बहनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, गांव की युवती हीरामुणि हेंब्रम का पाकुड़ जिले के लोकेश मुर्मू से प्रेम संबंध था। लेकिन लोकेश दिव्यांग था, जिस कारण हीरामुणि के माता-पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे। उन्होंने बेटी को समझाया कि एक दिव्यांग के साथ जीवन बिताना मुश्किल होगा। माता-पिता की राय मानते हुए हीरामुणि ने लोकेश से दूरी बना ली और साफ कह दिया कि अब वह उससे बात नहीं कर सकती।

यही बात लोकेश को नागवार गुजरी और वह गुस्से में आ गया। सोमवार रात उसने साहब हेंब्रम के घर में घुसकर पहले साहब हेंब्रम पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने उनकी पत्नी मंगली किस्कू पर भी चाकू से वार कर जान ले ली। इस दौरान जब हीरामुणि और उसकी बहन बैनी ने मां को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उन दोनों पर भी हमला कर दिया। दोनों बहनें किसी तरह घर से निकलकर पड़ोस में भाभी के घर भागीं और जान बचाई।

घटना की खबर मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लकड़ा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत दुमका के फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। अधिकारीयों ने कहा है कि पूरे मामले की गहन जांच चल रही है और दोषी को जल्द पकड़ा जाएगा।

Share.
Exit mobile version