Ranchi News: झारखंड में बारिश का सिलसिला तेज होता दिख रहा है। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश पलामू जिले के जपला में 78.4 मिमी दर्ज की गई। वहीं, राजधानी रांची में केवल 7.4 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो ओडिशा होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से चार और पांच सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में पूरे दिन बादल छाए रहे और कई जगह हल्की बूंदाबांदी हुई। इस बीच राज्य के प्रमुख जिलों में तापमान में भी गिरावट देखी गई। रांची का अधिकतम तापमान 24 डिग्री, जमशेदपुर 29 डिग्री, डालटेनगंज 30 डिग्री, जबकि बोकारो और चाईबासा का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बारिश से किसानों को राहत जरूर मिलेगी, लेकिन लगातार हो रही बूंदाबांदी और बादल छाने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश का असर और बढ़ सकता है।



