अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi : जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को जिले के सभी अंचलों में व्यापक स्तर पर जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना था। जिले के विभिन्न अंचलों में सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोग पहुँचे और अपनी शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत किए।
जनता दरबार के दौरान प्रमाण पत्र निर्गमन, राजस्व मामलों के समाधान, पंजी-2 सुधार, सामाजिक सुरक्षा लाभ, मुआवजा प्रक्रिया, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र सहित कई आवश्यक सेवाओं का मौके पर ही निष्पादन किया गया। अधिकारियों ने सभी आवेदनों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की।
सोनाहातू अंचल में दिनेश कुमार महतो को आचरण प्रमाण पत्र तथा मुटुक देवी को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं एवं प्रक्रियाओं में तत्काल लाभ मिला।
अनगड़ा अंचल का जनता दरबार अत्यंत परिणामदायक रहा। यहाँ कई लंबित राजस्व एवं भू-अर्जन मामलों का समाधान किया गया। चमरु महतो के पंजी-2 सुधार, जीतराम भोगता के मुआवजा प्रक्रिया में प्रगति, एवं अन्य कई आवेदकों जैसे महाबीर भोगता, मो. जिबरील और महताब आलम के पंजी-2 सुधार कार्य पूरे किए गए। इसके अलावा गेतलसुद एवं मुनगाडीह के कई ग्रामीणों को लगान रसीद जारी की गई।
माण्डर अंचल में कालीचरण महतो को शुद्धि पत्र एवं बहादुर सिंह को लगान रसीद जारी कर उनके राजस्व संबंधी कार्यों को सरल बनाया गया।
ईटकी अंचल में कुल 71 मामलों का समाधान किया गया, जिनमें आवासीय, जाति, आय, पारिवारिक सदस्यता, KCC, पंजी-2 सुधार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामले शामिल थे।
राहे अंचल में 88 आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया गया, जबकि बेड़ो अंचल में सर्वाधिक 144 मामलों का समाधान हुआ। अधिकांश मामले प्रमाण पत्र निर्गमन, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा और राजस्व कार्यों से जुड़े थे।
जिला प्रशासन के अनुसार जनता दरबार पारदर्शी, उत्तरदायी और नागरिक-केंद्रित शासन की दिशा में एक प्रभावी कदम है। उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाएँ। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित किया जाएगा, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जारी रहे।

