Jamshedpur/Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात में जमशेदपुर के कुख्यात अपराधी रहे विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शहर के व्यस्त इलाके स्थित सिल्वर सिटी मॉल के बाहर हुई, जहां वह जिम से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने बेहद करीब से गोलियां चलाईं, जिससे विक्रम शर्मा को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

जिम से निकलते ही हुआ हमला

घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। बताया जाता है कि विक्रम शर्मा रोजाना की तरह मॉल स्थित जिम में व्यायाम करने गया था। जैसे ही वह जिम से बाहर निकला, पैदल पहुंचे दो हमलावरों ने पिस्तौल से लगातार तीन गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मॉल परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

इस खबर को भी पढ़ें : विधायक प्रतिनिधि को मारी गोली, गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला जमशेदपुर

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसटीएफ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रारंभिक जांच के आधार पर कहा है कि हत्या सुनियोजित प्रतीत होती है। जिस तरह से हमलावरों ने बेहद नजदीक से फायरिंग की, उससे स्पष्ट है कि वे पूरी तैयारी के साथ आए थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

गैंगस्टर अखिलेश सिंह से रहा है पुराना नाता

मृतक विक्रम शर्मा मूल रूप से जमशेदपुर का रहने वाला था और उसका नाम झारखंड के कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका था। हाल के दिनों में वह कई मामलों में अदालत से बरी हुआ था और इसके बाद राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था। सूत्रों के अनुसार वह प्रॉपर्टी डीलिंग और स्टोन क्रशर के कारोबार से भी जुड़ा हुआ था। उसका नाम कभी झारखंड के चर्चित गैंगस्टर अखिलेश सिंह के साथ भी जोड़ा जाता रहा है। कुछ हलकों में उसे अखिलेश सिंह का करीबी और मार्गदर्शक तक कहा जाता था, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच की बात कही है।

कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

इस वारदात के बाद न केवल देहरादून बल्कि जमशेदपुर और पूरे झारखंड के आपराधिक जगत में सनसनी फैल गई है। खास बात यह है कि देहरादून में पिछले 15 दिनों के भीतर यह पांचवीं हत्या बताई जा रही है, जिससे शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। दिनदहाड़े व्यस्त इलाके में हुई इस घटना ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।

इस खबर को भी पढ़ें : जमशेदपुर में गोलियों की तड़तड़ाहट, चिकन दुकानदार को मारी 5 गोलियां, हालत नाजुक

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, गैंगवार या कारोबारी विवाद की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

Share.
Exit mobile version