Ranchi News: शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी और अपराध अनुसंधान विभाग (CID) रांची के डीआईजी चंदन कुमार झा ने एक अनूठी पहल की है। उन्होंने आईआईटी-जेईई (IIT-JEE) और नीट (NEET) की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए निःशुल्क यूट्यूब चैनल शुरू किया है, जिसका नाम है ‘एडुकॉप (EduCop)’

इस चैनल को चंदन झा ने अपने इंजीनियर मित्र अजीत कुमार के साथ मिलकर लॉन्च किया है। अजीत एनआईटी कालीकट (NIT Calicut) से बीटेक हैं और उन्हें शिक्षण का 11 वर्षों का अनुभव है। इस यूट्यूब चैनल के जरिए वर्ष 2027 की परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी। चैनल पूरी तरह से मुफ्त होगा और इसका उद्देश्य सिर्फ छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है, ना कि कोई आर्थिक लाभ कमाना।

पढ़ाई और पुलिस का अनोखा संगम – ‘एडुकॉप

चैनल का नाम ‘एडुकॉप’ दो शब्दों से मिलकर बना है – ‘एडु’ यानी शिक्षा और ‘कॉप’ यानी पुलिस। इस नाम के माध्यम से यह दर्शाया गया है कि शिक्षा और सेवा दोनों मिलकर समाज के लिए कितने जरूरी हैं। डीआईजी चंदन झा खुद गणित (Maths) पढ़ाएंगे और अजीत कुमार भौतिकी (Physics) की कक्षाएं लेंगे।

हर दिन मिलेगा एक नया वीडियो

‘एडुकॉप’ चैनल पर रोजाना दो वीडियो अपलोड किए जाएंगे – एक गणित का और एक फिजिक्स का। यह वीडियो खासतौर पर उन छात्रों के लिए तैयार किए जाएंगे जो आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं लेकिन प्रतिभाशाली हैं और उन्हें सही मार्गदर्शन की जरूरत है। यह पूरी पढ़ाई ऑफिस टाइम के बाद डीआईजी खुद रिकॉर्ड कर अपलोड करते हैं।

व्हाट्सएप और टेलीग्राम चैनल से भी जुड़ सकते हैं छात्र

इसके अलावा, छात्रों की सुविधा के लिए एक व्हाट्सएप चैनल और एक टेलीग्राम चैनल भी शुरू किया गया है, जहां पर वीडियो के लिंक और पढ़ाई से संबंधित अतिरिक्त सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इससे छात्रों को कहीं से भी पढ़ाई करना आसान हो जाएगा।

एनडीए, बिट सैट और अन्य परीक्षाओं की भी तैयारी

यह चैनल सिर्फ जेईई और नीट तक सीमित नहीं है, बल्कि एनडीए (NDA), बिट सैट (BITSAT) और अन्य राज्य स्तरीय इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में भी मददगार होगा। छात्रों को कमेंट्स और ई-मेल के माध्यम से अपने सवाल पूछने की सुविधा होगी। साथ ही, उन्हें होमवर्क भी दिए जाएंगे, जिससे वे नियमित अभ्यास कर सकें।

डीआईजी चंदन झा की प्रेरणादायक पृष्ठभूमि

चंदन कुमार झा वर्ष 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वे खुद आईआईटी और कैट जैसी परीक्षाएं पास कर चुके हैं। बाद में उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर आईपीएस बने। उन्होंने जमशेदपुर, गुमला, चाईबासा और बोकारो जैसे जिलों में बतौर एसपी सेवा दी है। अपनी पोस्टिंग के दौरान भी उन्होंने सरकारी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाया है।

वे जब भी फुर्सत में होते हैं, तो शिक्षा के क्षेत्र में समय देना पसंद करते हैं। अब यह डिजिटल पहल उनके सामाजिक समर्पण और शिक्षा के प्रति लगाव को दर्शाती है।

YouTube Channel Link: Educop

Share.
Exit mobile version