अपनी भाषा चुनेें :
गुमला: उपायुक्त के निर्देश से आज दिनांक 26.11.2025 को निदेशक लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, जिला ग्रामीण विकास शाखा गुमला द्वारा प्रखंड रायडीह अंतर्गत पंचायत सिलम में “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम अंतर्गत आयोजित पंचायत स्तरीय शिविर में भाग लिया गया। विदित हो कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार दिनांक 21 से 28 नवम्बर 2025 तक जिले में सेवा का अधिकार सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसके क्रम में सभी पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्य सेवा प्रक्षेत्र से संबंधित जाति, आवासीय, आय, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, भूमि नापी एवं भूमि धारण आदि के स्टॉलों का अवलोकन किया गया तथा ग्रामीणों से वार्ता की गई। साथ ही उपस्थित कर्मियों एवं पदाधिकारियों को शिविर को सफल बनाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के क्रम में यह पाया गया कि शिविर में बड़ी संख्या में लाभुक पहुँचकर विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन दर्ज करा रहे हैं और वहीं शिकायतों का ऑन द स्पॉट निपटान भी किया जा रहा है। प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों की अद्यतन स्थिति प्रतिदिन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
पंचायत सिलम में आयोजित शिविर में निदेशक द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का नियमानुसार तत्काल निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और जिन आवेदनों का निपटान शिविर में संभव नहीं है, उनका निष्पादन निर्धारित समयावधि में कराना सुनिश्चित किया जाए। शिविर के दौरान जानकारी दी गई कि जन्म-मृत्यु-जाति-आय से संबंधित कुल छह प्रमाण पत्र निर्गत किए गए, स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर में कुल सत्तानवे ग्रामीणों द्वारा भाग लिया गया, केवाईसी संबंधी अड़तालीस मामलों का निष्पादन किया गया, तैंतीस जॉब कार्ड का नवीनीकरण किया गया तथा सत्ताईस नए जॉब कार्ड निर्गत किए गए। जिला प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से यह अपील की गई है कि वे सेवा का अधिकार सप्ताह के दौरान आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करें।

