अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के बकोरिया गांव में पति-पत्नी के आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 28 वर्षीय पूजा देवी पर आरोप है कि उसने अपने पति संतोष राम को लाठी से पीटने के बाद दुपट्टे से फंदे पर लटकाने की कोशिश की। हालांकि समय रहते परिजनों ने उसे बचा लिया और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल संतोष राम नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा में इलाजरत हैं और होश में आने के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।
घटना गुरुवार की रात की है जब संतोष राम काम से घर लौटे। जैसे ही वह कमरे में पहुंचे, पूजा देवी ने अचानक लाठी से उन पर हमला कर दिया। संतोष के मुताबिक, वह पिटाई के दौरान बेहोश हो गए। बाद में उन्हें परिजनों ने फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। पूजा देवी का मायका रांची में है और वह अक्सर बच्चों को लेकर वहां चली जाती थी। पड़ोसियों के अनुसार, कई बार पंचायतों के जरिए सुलह की कोशिश भी की गई थी, लेकिन विवाद थम नहीं सका। दोनों की शादी 2013 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं – एक 11 साल की बेटी और 9 साल का बेटा।
थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर पूजा देवी को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के प्रेम प्रसंग या अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

