Ranchi News: शुक्रवार की सुबह रांची पुलिस और जिला प्रशासन की बड़ी टीम ने बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार, होटवार में सघन छापेमारी अभियान चलाया। करीब सवा तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई में जेल के हर कोने की तलाशी ली गई।

छापेमारी अभियान डीसी मंजू नाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर चलाया गया। इसकी अगुवाई सिटी एसपी पारस राणा और सदर एसडीओ उत्कर्ष गुप्ता ने की। इस दौरान कई पुलिस उपाधीक्षक, कार्यपालक दंडाधिकारी, थाना प्रभारी, 12 सब-इंस्पेक्टर और भारी पुलिस बल मौजूद थे।

हर वार्ड और अस्पताल खंगाला

जांच के दौरान जेल के सभी वार्ड, महिला कैदियों के वार्ड, सेल और यहां तक कि जेल अस्पताल तक की गहन तलाशी ली गई। खासतौर पर कुख्यात कैदियों के वार्ड को बारीकी से खंगाला गया। टीमों को अलग-अलग हिस्सों में तैनात कर पूरी जेल परिसर की जांच की गई।

कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला

लंबे समय तक चली छापेमारी के बाद प्रशासन और पुलिस ने साफ किया कि जेल के भीतर कोई भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। सिटी एसपी ने जानकारी दी कि पूरे अभियान के दौरान सब कुछ सामान्य पाया गया और जेल का माहौल पूरी तरह नियंत्रण में रहा।

अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की छापेमारी समय-समय पर होती रहेगी, ताकि जेल के अंदर किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके और सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी बनी रहे।

Share.
Exit mobile version