India News: फिलहाल देश के कई राज्यों में बादलों ने ढेरा डाल रखा। कभी बरसते हैं कभी रुकते हैं, लेकिन जाने का नाम नहीं ले रहे हैं। यूपी-बिहार से लेकर जम्मू तक का हाल कुछ इसी तरह का है। यहां मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण में होने के कारण राजस्थान और गुजरात में एक डिप्रेशन सक्रिय है, जो अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का कारण बन सकता है। 8-9 सितंबर को गुजरात में असाधारण रूप से भारी बारिश की संभावना है। राजस्थान में भी सोमवार को भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। जम्मू, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 13 सितंबर तक हल्की से मध्यम बरसात होगी। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है।
ओडिशा में 8, 10 और 13 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। मध्य प्रदेश में 8 और 13 सितंबर, विदर्भ में 11 और 12 सितंबर, छत्तीसगढ़ में 10-13 सितंबर, पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 8-13 सितंबर और बिहार में 9-11 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश होगी।
जम्मू-कश्मीर में बारिश का अनुमान
भूस्खलन प्रभावित जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी बारिश के कारण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रयासों में फिर बाधा उत्पन्न हुई। यह रविवार को लगातार छठे दिन भी बंद रहा। अधिकारियों ने बताया कि त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा भी लगातार 13वें दिन स्थगित रही। सीमा सड़क संगठन ने कठुआ जिले में बसोहली-बानी मार्ग पर क्षतिग्रस्त हिस्से के कारण उपमार्ग के माध्यम से यातायात बहाल कर दिया। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। 8 सितंबर को देर रात या सुबह के समय जम्मू संभाग के कुछ जिलों में मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली एनसीआर में भारी बारिश
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में सोमवार रात को गरज के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। नई दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 0.5 डिग्री कम है। इसने बताया कि दिल्ली में शाम साढ़े पांच बजे सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 80 प्रतिशत दर्ज किया गया। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रविवार को मौसम की स्थिति काफी हद तक शुष्क रही। चुनिंदा क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। रिज में सुबह साढ़े आठ बजे तक 5.7 मिमी बारिश हुई जबकि मयूर विहार और पीतमपुरा में क्रमशः 16 मिमी और 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग, पालम, आयानगर, पूसा, नजफगढ़ और जनकपुरी सहित अन्य स्टेशन पर इतनी बारिश नहीं हुई, जिसे दर्ज किया जा सके।



