Jamshedpur News:   सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर संख्या L5/13 में सोमवार सुबह हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या के बाद इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। मामले में पुलिस ने घर के मुखिया और टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारी रविन्द्र प्रसाद सिंह को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने रविवार रात अपनी पत्नी, बेटे और बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह स्वयं रविन्द्र प्रसाद सिंह ने डायल-100 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर के भीतर से तीन शव बरामद किए। मृतकों की पहचान पत्नी सरिता सिंह (55 वर्ष), पुत्र रविशेक कुमार (30 वर्ष) और पुत्री सुप्रिया सिंह (31 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुप्रिया सिंह विवाहित थी और गर्भवती भी थी। घटना की खबर फैलते ही एग्रिको इलाके में भारी भीड़ जुट गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि रविन्द्र प्रसाद सिंह इसी वर्ष फरवरी माह में टाटा स्टील से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद से परिवार में लगातार विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरी रात घर के भीतर शवों के साथ ही मौजूद रहा। सोमवार सुबह उसने खुद पुलिस को कॉल कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, जिसने घर के भीतर से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।

घटना जिस इलाके में हुई है, वहां पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का निजी आवास भी काफी नजदीक स्थित है। ऐसे पॉश और शांत माने जाने वाले इलाके में एक साथ तीन हत्याओं की घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और सिटी एसपी ललित मीणा सिदगोड़ा थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और हत्या की पूरी क्रोनोलॉजी खंगाली जा रही है। आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हत्या के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद पूरे एग्रिको क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक वारदात को लेकर स्तब्ध हैं।

Share.
Exit mobile version