Hazaribagh: पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग द्वारा सोमवार को जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं सभी थाना प्रभारियों के साथ विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की गई तथा कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान बरही थाना क्षेत्र में बैंक लूट कांड का सफल उद्भेदन करने में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यों से पुलिस का मनोबल बढ़ता है और अपराध नियंत्रण में सहायता मिलती है।

उन्होंने विशेष रूप से महिला प्रताड़ना, हिंसा एवं अनुसूचित जाति/जनजाति से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि ऐसे सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित अनुसंधान कर 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने पर बल दिया गया।

आगामी बकरीद पर्व 2026 को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि पूर्व में घटित सभी सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा की जाए तथा इनमें फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि वर्ष 2025 से पूर्व के सभी लंबित कांडों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन किया जाए। साथ ही सभी थानों में लंबित जमानती एवं गैरजमानती वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की-जब्ती मामलों के निष्पादन हेतु विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी प्रत्येक सोमवार को नियमित बैठक आयोजित कर लंबित मामलों की समीक्षा करें और उनके निष्पादन में तेजी लाएं।

बैठक में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री वाले स्थानों की पहचान कर विशेष अभियान चलाने तथा शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, संगठित अपराध, गिरोह गतिविधियों, अवैध खनन एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। ऐसे मामलों में CCA, थाना हाजिरी प्रस्ताव एवं गुंडा पंजी में प्रविष्टि की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया।

अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने हेतु संबंधित अंचल अधिकारियों एवं जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया। साइबर अपराधों पर विशेष ध्यान देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में लंबित सभी साइबर कांडों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए और अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका समयबद्ध समाधान करें। जमीन विवाद से जुड़े मामलों की समीक्षा कर संबंधित अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अग्रतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण, पारदर्शिता एवं त्वरित न्याय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारी पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

Share.
Exit mobile version