India News: हरियाणा के चर्चित आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार आत्महत्या मामले में एक और चौंकाने वाला मोड़ आ चुका है। रोहतक के साइबर सेल में तैनात असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) संदीप लाठर ने भी आत्महत्या कर ली। संदीप ने अपने सुसाइड नोट में कई गंभीर खुलासे किए हैं, जिनमें दिवंगत आईपीएस पूरन कुमार पर गंभीर आरोप शामिल हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। संदीप ने अपने सुसाइड नोट और एक वीडियो मैसेज में सीधे तौर पर कहा कि पूरन कुमार एक भ्रष्ट अधिकारी थे और उन्होंने उन पर झूठे मामलों में फंसाने का दबाव बनाया था।

सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप

संदीप ने नोट में लिखा, “मैं इस दबाव को अब और सहन नहीं कर पाया। पूरन साहब ने मुझे फंसाने की साजिश रची थी।” उन्होंने आगे दावा किया कि पूरन कुमार के स्टाफ के खिलाफ चल रही वसूली की जांच के दौरान उन्हें डर था कि उन्हें गलत तरीके से आरोपी बना दिया जाएगा।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संदीप इस मामले में गवाह के रूप में अहम बयान देने वाले थे। लेकिन उनकी अचानक आत्महत्या ने मामले को और जटिल बना दिया है। जांच एजेंसियों के लिए संदीप का वीडियो मैसेज अहम सबूत साबित हो सकता है, जिसमें उन्होंने पूरन कुमार से जुड़े कई तथ्यों का जिक्र किया है।

जांच में सक्रिय हुई एसआईटी

इस मामले में पहले से ही विशेष जांच टीम (एसआईटी) जांच कर रही है। 11 अक्टूबर को एसआईटी ने रोहतक पहुंचकर पूरन कुमार से जुड़ी वसूली और भ्रष्टाचार की जांच शुरू की थी। अब संदीप की मौत के बाद इस केस ने संवेदनशील मोड़ ले लिया है।

पुलिस ने कहा कि सुसाइड नोट और वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि आरोपों की पुष्टि की जा सके। प्रशासन ने इसे हाई प्रोफाइल केस बताते हुए जांच की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी है।

Share.
Exit mobile version