Chaibasa News: गुवा थाना परिसर मंगलवार देर शाम अचानक मातम में बदल गया, जब जैप-09 साहेबगंज में पदस्थापित हवलदार बारगी उरांव (52) की राइफल साफ करते वक्त मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, हवलदार अपने बैरक में इन्सास राइफल की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान गलती से ट्रिगर दब गया और गोली सीधे उनके सिर में जा लगी। घटना इतनी अचानक हुई कि साथी जवान कुछ समझ ही नहीं पाए। आनन-फानन में उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बुधवार सुबह मृतक हवलदार का शव चाईबासा सदर अस्पताल लाया गया। अनुमंडल पदाधिकारी, जगन्नाथपुर ने घटना की सूचना जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त को दी। उपायुक्त ने तुरंत आदेश जारी करते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दिया। इसके लिए खूंटपानी के अंचल अधिकारी फुलेश्वर साव को दंडाधिकारी नियुक्त किया गया। मेडिकल बोर्ड में डॉ. चन्दन कुमार रवि, डॉ. शिरिल संदीप सवैया और डॉ. दीपक कुमार सिन्हा को शामिल किया गया।
पोस्टमार्टम के बाद हवलदार का शव पुलिस लाइन लाया गया। यहां पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। घटना के बाद गुवा थाना परिसर और पुलिस विभाग में गहरा शोक छा गया है। साथी जवानों का कहना है कि बारगी उरांव हमेशा खुशमिजाज और अनुशासित रहते थे। उनकी अचानक हुई मौत ने सभी को हिला कर रख दिया है।



