अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा स्थित सेल (SAIL) की रेलवे साइडिंग में मंगलवार सुबह एक बार फिर मालगाड़ी की बोगी बेपटरी हो गई। इस घटना से गुवा सेल से होने वाली लौह अयस्क की ढुलाई और सामान्य रेल परिचालन लगभग चार घंटे तक बुरी तरह प्रभावित रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, गुवा सेल के बंकर साइड पर सुबह करीब 10:45 बजे मालगाड़ी की एक बोगी अचानक पटरी से उतर गई, जिससे पूरा रेलवे ट्रैक अवरुद्ध हो गया।
नई पटरियों पर भी हादसा, रेलवे प्रबंधन पर उठे सवाल
स्थानीय कर्मचारियों का कहना है कि इसी बंकर साइड पर इससे पहले भी चार बार मालगाड़ी बेपटरी हो चुकी है। पूर्व में हुई घटनाओं के बाद ब्रिटिश काल की पुरानी पटरियों को हटाकर नई पटरियां बिछवाई गई थीं। बावजूद इसके, नई पटरियों पर भी मालगाड़ी का बेपटरी होना रेल लाइन की गुणवत्ता और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और सेल प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्रेन तथा तकनीकी टीम की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक को दुरुस्त किया गया, तब जाकर रेल परिचालन बहाल हो सका। यह भी उल्लेखनीय है कि आज दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा का गुवा साइडिंग निरीक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन ट्रैक बाधित होने के कारण वे गुवा नहीं पहुँच पाए। लगातार हो रही ये दुर्घटनाएँ यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएँ पैदा कर रही हैं।

