India News: गुरुग्राम के रायसीना गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ससुराल में हुई कहासुनी और बेइज्जती का बदला लेने के लिए एक शख्स ने अपनी पत्नी से पहले मारपीट की, और फिर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। 30 नवंबर रात की बताई जा रही इस जघन्य घटना के बाद सोमवार को इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

मृत महिला की पहचान रायसीना की रहने वाली 37 वर्षीय नीतू के रूप में हुई है। नीतू के मायकेवालों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब के नशे में किया हमला

पुलिस के मुताबिक, 1 दिसंबर को सोहना अस्पताल से महिला के झुलसने की सूचना मिली थी। प्राथमिक उपचार के बाद नीतू को पहले गुरुग्राम और फिर रोहतक रेफर किया गया था। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान दर्ज किए थे, जो इस केस में अब महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं।

अपने बयान में नीतू ने बताया था कि उसकी शादी 16 साल पहले रायसीना के रहने वाले आनंद से हुई थी। 30 नवंबर की रात आनंद शराब पीकर घर आया और झगड़ा करने लगा। झगड़े के बाद उसने नीतू से मारपीट की। इसके बाद उसने घर में खड़ी बाइक से पेट्रोल निकाला, नीतू के ऊपर छिड़का और लाइटर से आग लगा दी।

ससुराल में हुई कहासुनी थी रंजिश की वजह

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को रायसीना गांव से आरोपी पति आनंद को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित आनंद ने पूछताछ में खुलासा किया कि कुछ दिन पहले उसकी ससुराल में साली की शादी थी। इस दौरान किसी बात को लेकर ससुरालवालों से उसकी कहासुनी हो गई थी। आनंद ने बताया कि वह इस बेइज्जती और रंजिश को भूल नहीं पाया और इसी का बदला लेने के लिए उसने 30 नवंबर की रात नीतू से मारपीट के बाद उसे जिंदा जला दिया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Share.
Exit mobile version