Chainpur News (Gumla): चैनपुर अनुमंडल क्षेत्र इन दिनों कड़ाके की शीतलहर और ठंढ़ी हवाओं की चपेट में है, जिससे सामान्य जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। तापमान में आई भारी गिरावट ने लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, चैनपुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दिन और रात के तापमान में यह बड़ा अंतर ठंड के प्रकोप को और भी ज्यादा बढ़ा रहा है।
बाजारों की रौनक खत्म, अलाव के सहारे दुकानदारों की शाम
कड़कड़ाती ठंड के कारण बाजारों की रौनक काफी कम हो गई है। ग्राहक बहुत कम संख्या में घरों से निकल रहे हैं, जिसका सीधा असर दुकानदारों की कमाई पर पड़ रहा है। कई दुकानदार ठंड से बचने के लिए अपनी दुकानों के बाहर अलाव जलाकर शाम गुजार रहे हैं। उनका कहना है कि अलाव ही उन्हें इस हाड़ कंपा देने वाली ठंड से थोड़ी राहत दे रहा है।
अलाव ही बना दुकानदारों का एकमात्र सहारा
शाम होते ही ठंड में तेजी से वृद्धि होती है और तापमान तेजी से गिरने लगता है। इस कारण शाम के 6:00 बजते ही सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। इक्का-दुक्का लोग ही जरूरी काम से सड़कों पर नजर आ रहे हैं, बाकी लोग अपने घरों में दुबके हुए हैं। भारी ठंड के कारण छोटे स्कूली बच्चों को भी सुबह-सुबह स्कूल जाने में भारी कठिनाई हो रही है। लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तत्काल चौक-चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सार्वजनिक अलाव की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि गरीब, मजदूर, दुकानदार और राहगीर ठंड के प्रकोप से बच सकें।
-आदित्य कुमार साहू, चैनपुर की रिपोर्ट।



