अपनी भाषा चुनेें :
चैनपुर : साल भर के बेसब्री भरे इंतजार के बाद, चैनपुर में लगने वाले ऐतिहासिक दिसंबर मेले का मंगलवार को विधिवत उद्घाटन हो गया। इस वार्षिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।मेले का उद्घाटन चैनपुर थाना प्रभारी कृष्णा कुमार, एसआई अशोक कुमार, एएसआई नन्दकिशोर कुमार, और जिला संयुक्त सचिव सह बीस सूत्री सदस्य शकील खान ने फीता काटकर किया। इस दौरान मेला संचालक नाजीर खान, सेराज खलीफा, बिनय बाडा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।यह दिसंबर मेला चैनपुर और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए मनोरंजन का एक प्रमुख साधन बन गया है। उद्घाटन के साथ ही डिजनीलैंड मेला लोगों की भारी भीड़ से गुलजार हो गया है। मेले में कई प्रकार के आकर्षक और उपयोगी सामानों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहाँ खरीदारों की भीड़ लगी हुई है।मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं, जो हर उम्र के लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। मौत का कुआं, ड्रैगन झूला, ब्रेक डांस झूला, नौका झूला, बड़ा झूला, और छोटे बच्चों के लिए विशेष झूले। संचालक नाजीर खान और सेराज खलीफा ने बताया कि मनोरंजन के साथ ही आकर्षक मीना बाजार का भी आयोजन किया गया है।उद्घाटन के अवसर पर, चैनपुर थाना प्रभारी कृष्णा कुमार ने इस मेले को क्षेत्र की एक पुरानी परंपरा बताया, जो लोगों को एक साथ आने और खुशी मनाने का मौका देती है। थाना प्रभारी कृष्णा कुमार ने कहा: “चैनपुर का यह दिसंबर मेला हर साल बड़े धूमधाम से लगता है। यह हमारे क्षेत्र की संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक है। मैं सभी लोगों से अपील करता हूँ कि वे मेले में आएं, इसका पूरा आनंद लें और अपने बच्चों को भी घुमाएँ। लेकिन साथ ही मेरी यह भी गुजारिश है कि सभी लोग शांति और सौहार्द बनाए रखें।” उन्होंने सुरक्षा को लेकर विशेष जोर दिया और बताया कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है।मेला संचालक नाजीर खान और सेराज खलीफा ने बताया कि मेले के आयोजन में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा चैनपुर प्रखंड के कार्यकर्ताओं ने अहम सहयोग दिया है, जिसमें प्रखंड बीस सूत्री सदस्य शकील खान, अध्यक्ष पोलिकर एक्का, नवीन कुजूर, और श्रवण कुमार का विशेष योगदान रहा है।

