Ranchi: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा हाल ही में आयोजित की गई कुछ महत्वपूर्ण परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। राज्यपाल के कड़े रुख के बाद लोकभवन (राजभवन) सचिवालय ने शुक्रवार को आयोग के अध्यक्ष को एक पत्र लिखकर कथित गड़बड़ियों पर जवाबदेही तय करने और सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
Read more: सिस्टम फेल: 18 साल का इंतजार और परीक्षा के नाम पर मजाक, क्या फिर ‘जेल’ जाएगा आयोग?
परीक्षाओं में लापरवाही से उठ रहे सवाल
आयोग को भेजे गए पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि सहायक वन संरक्षक (ACF) मुख्य परीक्षा और सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्न-पत्रों में कई गंभीर खामियां पाई गई हैं। इतना ही नहीं, विभिन्न माध्यमों से यह शिकायतें भी मिली हैं कि प्रारंभिक उत्तर-कुंजी (Answer Key) में भी कई उत्तर गलत दर्ज थे। इन गड़बड़ियों की वजह से न केवल अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है, बल्कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और आयोग की विश्वसनीयता पर भी बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
जिम्मेदारों पर गिरेगी गाज
राज्यपाल ने इसे एक गंभीर विषय बताते हुए कहा है कि इस तरह की लापरवाही आयोग की साख को धूमिल करती है। उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं ताकि गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान की जा सके और उनके खिलाफ नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
प्रणाली में सुधार की जरूरत
राजभवन सचिवालय ने ऐसी गड़बड़ियों को दोबारा होने से रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधार और सतर्कता बरतने पर जोर दिया है। राज्यपाल ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में आयोग पूरी पारदर्शिता, शुचिता और उच्च मानकों के साथ परीक्षाओं का संचालन करेगा, जिससे राज्य के अभ्यर्थियों का विश्वास फिर से मजबूत हो सके।
Read more: JPSC 11th-13th Result: क्या रद्द होगी परीक्षा? ‘गेस्ट फैकल्टी’ से कॉपी जांचने पर बवाल



