अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : झारखंड सरकार राज्य में नीली क्रांति को सफल बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की अध्यक्षता में पशुपालन भवन, रांची में मत्स्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंत्री तिर्की ने निर्देश दिया कि राज्य के सभी जिलों में मत्स्य फीड मिल निर्माण के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि पहले से संचालित फीड मिलों को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड करने के लिए विशेष कमिटी गठित की जाएगी। साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हर तीन माह में फीड की गुणवत्ता की जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए।
राज्य में लंबे समय से उपेक्षित मिट्टी और गाद से भरे तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों से ऐसी तालाबों की सूची मंगवाई जा रही है। मंत्री ने कहा कि इस कार्य हेतु अनुपूरक बजट में विशेष राशि का प्रावधान किया जा रहा है।
मंत्री ने अधिकारियों को राज्य की सरकारी फिश फर्मों की स्थिति की समीक्षा कर उनके लिए विकास योजना तैयार करने को कहा। इसके अलावा यह निर्णय लिया गया कि प्रमंडलीय स्तर के अधिकारी हर माह दो से तीन जिलों का भ्रमण करेंगे और अपनी रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को सौंपेंगे।
शिल्पी नेहा तिर्की ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों जैसे विधायक और मुखिया से समन्वय बनाकर योजनाओं को लागू करें, ताकि योजनाएं अधिक प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर तक पहुंच सकें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हर बार योजनाओं का लाभ नए पात्र लाभार्थियों को दिया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
बैठक में मत्स्य निदेशक एचएन द्विवेदी, विशेष सचिव प्रदीप हजारी, विभाग के उप निदेशक, प्रमंडलीय प्रभारी एवं जिला मत्स्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

