Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले में बिहियां रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह एक शर्मनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। स्टेशन के पास की झाड़ियों में एक युवती अर्धनग्न हालत में मिली। युवती की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं बताई जा रही है और आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना हुई है।
स्थानीय लोगों ने जब युवती को इस हालत में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित निकालकर अपने साथ ले गई। घटनास्थल से ही एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जिसे प्राथमिक पूछताछ के बाद रेल पुलिस को सौंप दिया गया है।
मौके पर युवती के कपड़े भी बरामद हुए हैं, जो झाड़ियों के आसपास बिखरे हुए मिले। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवती यहां कैसे पहुंची और इस शर्मनाक स्थिति के पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं। फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बना रखी है और आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया गया है।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है। लोगों में आक्रोश है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। युवती और हिरासत में लिए गए युवक को पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए आरा भेज दिया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या खुलासा होता है।



