Giridih: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पीरटांड़ थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दो आदिवासी नाबालिग लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। मंगलवार को मामला प्रकाश में आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

परिचितों को पीटकर भगाया, फिर खेत में ले जाकर की हैवानियत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों लड़कियां अपने परिजनों के साथ स्थानीय ‘जतरा मेला’ देखने गई थीं। देर रात भीड़ में परिजनों से बिछड़ने के बाद, वे अपने ही गांव के कुछ परिचित युवकों के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे 5-6 युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले लड़कियों के साथ चल रहे युवकों की बेरहमी से पिटाई कर उन्हें भगा दिया और फिर दोनों नाबालिगों को पास के एक खेत में ले जाकर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

एसपी और एसडीपीओ ने संभाला मोर्चा, जांच तेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार और महिला पुलिसकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पीड़िताओं से घटना की विस्तृत जानकारी ली है। साथ ही, जिन युवकों के साथ मारपीट की गई थी, उनसे भी पूछताछ कर आरोपियों के हुलिए और पहचान की पुष्टि की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और साक्ष्यों को वैज्ञानिक तरीके से जुटाया जा रहा है।

इलाके में तनाव का माहौल, आरोपियों की पहचान में जुटी टीम

घटना के बाद से ही हरलाडीह ओपी और पीरटांड़ थाना क्षेत्र में तनाव का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पहलुओं पर जांच चल रही है और जल्द ही अपराधी सलाखों के पीछे होंगे। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध सूचना पर तुरंत जानकारी देने की अपील की है।

इस खबर को भी पढ़ें : गिरिडीह में पुलिस कस्टडी में मौत, थाना प्रभारी लाइन हाजिर

Share.
Exit mobile version