अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत मझगांव विधानसभा क्षेत्र के बलियापोसी पंचायत स्थित टुनटाकटा गांव में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन नवयुवक संघ कुम्हारडीह, टुनटाकटा द्वारा किया गया। फाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई और विशिष्ट अतिथि सूर्यकांत लागुरी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
गणेश एफसी तिलोपदा बनी विजेता
फाइनल मुकाबले में गणेश एफसी तिलोपदा (कुचाई, सरायकेला) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को आयोजन समिति की ओर से 50,000 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता बनी वेस्ट सिंहभूम एफसी दिरीगो को 30,000 रुपये की राशि दी गई।
तृतीय व चतुर्थ स्थान की टीमों को भी सम्मान
टूर्नामेंट में तीसरा स्थान संतोष ब्रदर्स लखीपाई को मिला, जबकि चौथे स्थान पर ब्लू रिवल खैरपाल रही। दोनों टीमों को समान 12,000-12,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इस मौके पर खिलाड़ियों और ग्रामीणों ने जोरदार उत्साह दिखाया, जिससे माहौल खेल भावना से सराबोर हो गया।
खेल से बढ़ता है भाईचारा और अनुशासन: गागराई
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, परिश्रम और भाईचारे की सीख देता है। उन्होंने युवाओं को खेलकूद में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक मजबूती बल्कि मानसिक विकास के लिए भी बेहद जरूरी है। गागराई ने सभी खिलाड़ियों और आयोजकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में प्रमुख लोगों की मौजूदगी
समारोह के दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष मजहर हुसैन, दीनबंधु यादव, सोनाराम गोप, मुखर्जी बेहरा, भाजपा नेता केशव गोप, मोहम्मद मुमताज, नवयुवक संघ अध्यक्ष चंद्र मोहन पाठ पिंगुवा, सचिव विनोद पाठ पिंगुवा, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार गोप, संरक्षक रोबटं पाठ पिंगुवा, अभिभावक सनातन पाट पिंगुवा, विक्रम गागराई, ब्रजकिशोर कुराल और डमरूधर बारीक समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों को सम्मानित करने और ग्रामीणों की तालियों के बीच हुआ।

