अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
डुमरी (गुमला) डुमरी प्रखंड अंतर्गत अबुआ आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का कार्य पूर्ण होने के पश्चात चार लाभुकों ने बुधवार को विधिवत रूप से अपने-अपने नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश किया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) स्वयं मौके पर पहुंचे और लाभुकों को गृह प्रवेश की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके आवास की गुणवत्ता और सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। गृह प्रवेश कार्यक्रम में डुमरी पंचायत की मुखिया, रोजगार सेवक सहित पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। बीडीओ ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि हर गरीब, जरूरतमंद और बेघर परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराई जाए। अबुआ आवास योजना इसी दिशा में एक सशक्त प्रयास है।उन्होंने यह भी कहा कि पात्र लाभुकों को पारदर्शी तरीके से चिन्हित कर योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जो लोग इस योजना के अंतर्गत लाभुक हैं वे समय से निर्माण कार्य पूर्ण करें, ताकि वे जल्द से जल्द अपने पक्के घर में रह सकें।डुमरी पंचायत की मुखिया ने कहा कि पंचायत स्तर पर भी निगरानी रखी जा रही है ताकि आवास निर्माण में कोई अनियमितता न हो। रोजगार सेवक ने जानकारी दी कि जल्द ही अन्य लाभुकों के आवास भी पूर्ण होने की स्थिति में हैं और उन्हें भी गृह प्रवेश का अवसर मिलेगा।गृह प्रवेश करने वाले लाभुकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार जताया कि उन्हें एक सम्मानजनक और सुरक्षित आशियाना मिला।इस अवसर पर ग्रामीणों के बीच मिठाई का वितरण किया गया और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now

