अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna News: बिहार की राजधानी पटना इन दिनों बाढ़ के भयानक संकट से जूझ रही है। गंगा, पुनपुन और सोन नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और कई इलाकों में गंगा का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि दीघा, गांधी घाट, गुलबी घाट, गाय घाट, आलमगंज और बिंद टोली जैसे निचले इलाकों में पानी घरों के अंदर तक पहुंच चुका है।
केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, गांधी घाट पर जलस्तर खतरे के निशान से 97 सेमी ऊपर है, जबकि दीघा घाट पर यह 36 सेमी ऊपर रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण हर पल स्थिति और भयावह होती जा रही है।
गली-मोहल्लों में तबाही का मंजर
पटना के कई इलाकों में गली-मोहल्लों में कमर तक पानी भर चुका है, जिससे लोग डर और बेबसी के साए में जीने को मजबूर हैं। दानापुर की जजेज कॉलोनी में गंदे पानी की निकासी बंद है और सांप घरों तक पहुंच रहे हैं, जिससे लोग रातभर जागकर अपनी और बच्चों की हिफाजत कर रहे हैं।
सरकारी मदद नदारद
बिंद टोली जैसे इलाकों में लोग रबड़ ट्यूब और प्लास्टिक की नावों के सहारे जान जोखिम में डालकर आवा-जाही कर रहे हैं। स्थानीय निवासी सौरभ कुमार ने बताया, “सरकारी नाव का इंतजार है, लेकिन तब तक हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।”
पेयजल संकट, टॉयलेट की कमी और मेडिकल इमरजेंसी से जूझते लोग अब सरकारी सहायता की बाट जोह रहे हैं। जिला प्रशासन ने नाव संचालन और कम्युनिटी किचन शुरू करने की बात कही है, लेकिन ज़मीनी हकीकत इससे काफी अलग है।

