Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि कभी भी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने से हिचक नहीं रहे हैं। यही कारण है कि रविवार देर रात मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौड़ी मोहल्ले में स्थित जनता दल यूनाइटेड के महानगर उपाध्यक्ष और अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष पप्पू सिंह के आवास पर अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैला दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से 6 खोखे बरामद किए। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए जा सकें। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें अपराधी बाइक पर भागते हुए नजर आए हैं। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमले का मकसद क्या था? क्या यह किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है? या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।



