India News: छत्रपति संभाजीनगर में गुरुवार को पुलिस की एक सामान्य सी चेकिंग ने बड़ा खुलासा कर दिया। जालना रोड स्थित एक होटल में छह महीनों से ठहरी एक महिला—जो खुद को IAS अफसर बताती थी—VIP मूवमेंट के दौरान जांच में संदिग्ध पाई गई। नाम था कल्पना भागवत, उम्र करीब 45 साल। पुलिस ने ID मांगी तो मामला तुरंत उलझ गया।
फर्जी दस्तावेज, संदिग्ध संपर्क और 32 लाख की रकम
कमरे की जांच में पुलिस को पांच पन्नों का वह दस्तावेज मिला, जिसमें महिला ने खुद को सिविल सर्विसेज परीक्षा के आधार पर IAS नियुक्त बताया था। प्रारंभिक जांच में ही यह दस्तावेज फर्जी पाया गया। जांच यहीं नहीं रुकी। उसके मोबाइल फोन में अफगानिस्तान दूतावास, पाकिस्तान और कई विदेशी नंबरों से संपर्क रिकॉर्ड मिला। सबसे चौंकाने वाली बात यह कि महिला के बैंक खाते में 32 लाख रुपये से अधिक की रकम जमा मिली है, जबकि उसके पास कोई स्थायी नौकरी नहीं मिली।
देशभर में भेजे गए नोटिस, खुफिया एजेंसियां भी जुड़ीं
पुलिस ने उन 13 लोगों को नोटिस भेजे हैं जिनसे महिला की आर्थिक लेन-देन जुड़ा हुआ है। टीम उसके कॉल रिकॉर्ड, चैट हिस्ट्री, यात्रा पैटर्न और होटल में लंबे समय तक रहने की जानकारी का विश्लेषण कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कल्पना कभी दिल्ली, तो कभी जयपुर और उदयपुर के चक्कर लगाती रही। होटल में उसके व्यवहार ने कभी किसी को शक नहीं होने दिया।
जांच एजेंसियां मान रही यह सिर्फ फर्जी IAS का मामला नहीं
कॉल डिटेल और विदेशी संपर्कों के बाद यह मामला अब सिर्फ फर्जी पहचान का नहीं माना जा रहा। पुलिस और खुफिया एजेंसियां इसे संभावित सुरक्षा जोखिम मानकर जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कई और परतें खुल सकती हैं।
ii



