Jharkhand News: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलदी खुड़ा के पास नैया जंगल में सोमवार की शाम सुरक्षा बलों और भाकपा माओवादी के टॉप कमांडर नितेश यादव के दस्ते के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। नितेश यादव पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उसका दस्ता इलाके में सक्रिय है, जिसके बाद विशेष सर्च अभियान चलाया गया।
पुलिस को देखते ही माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस बलों ने भी गोलीबारी की। इस मुठभेड़ में एक नक्सली के मारे जाने और एक अन्य को गोली लगने की सूचना है। पुलिस ने जंगल में डेड बॉडी और घायल नक्सली की तलाश तेज कर दी है, लेकिन अंधेरा होने की वजह से अभियान में थोड़ी बाधा आई है।
मुठभेड़ का नेतृत्व पलामू के अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) राकेश कुमार कर रहे थे। उनके साथ हुसैनाबाद के एसडीपीओ एस. मोहम्मद याकूब और स्पेशल फोर्स ‘जगुआर’ की टीम मौजूद थी।
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के वक्त नितेश यादव के साथ उसके करीब 5-6 साथी मौजूद थे, जो भारी पुलिस दबाव के बीच जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार रात से सोमवार सुबह तक लातेहार में चले अभियान में 5 लाख के इनामी माओवादी मनीष यादव मारा गया था, जबकि 10 लाख का इनामी कुंदन खरवार पुलिस के हत्थे चढ़ा। अब पलामू में सिर्फ नितेश यादव का गिरोह बचा है, जिसे खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी है।



