अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला:-जिले में सघन वाहन जांच और भारी जुर्माने के बाद अब जिला परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता की दिशा में कदम बढ़ाया है। जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) ज्ञान शंकर जायसवाल के नेतृत्व में आज के. ओ. कॉलेज गुमला एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज गुमला में वृहद सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान राइजअप एनजीओ द्वारा प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। यमराज के रूप में आए कलाकार ने सड़क नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों को रोचक अंदाज में छात्रों के सामने रखा, जिससे उपस्थित छात्रों पर गहरा प्रभाव पड़ा।
पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान DTO ज्ञान शंकर जायसवाल ने एक अनूठी पहल करते हुए पुराने ट्रैफिक नियम उल्लंघनकर्ताओं के फोटो प्रदर्शित किए। साथ ही, प्रोजेक्टर के माध्यम से गुमला जिले में सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते ग्राफ को दिखाते हुए उन्होंने बताया कि नियमों को हल्के में लेने की प्रवृत्ति ही दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन रही है।
DTO ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि दिसंबर माह सड़क दुर्घटनाओं की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है और सतर्कता व संयम ही सुरक्षा का एकमात्र उपाय है। अभियान के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और ट्रिपल राइडिंग पर विशेष फोकस किया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने बिना हेलमेट वाहन न चलाने और नाबालिगों को वाहन न सौंपने की सामूहिक शपथ ली। DTO ने ‘गुड समेरिटन योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना में घायल को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले नेक व्यक्ति को ₹2000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

