अपनी भाषा चुनेें :
India News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दुबई में भारतीयों की अघोषित संपत्तियों के मामले में हवाला ऑपरेटरों पर शिकंजा कस दिया है। एजेंसी ने शुक्रवार को दिल्ली और गोवा में हवाला कारोबार से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत की गई, जिसमें दुबई में अवैध रूप से खरीदी गई संपत्तियों की जांच हो रही है।
दुबई संपत्तियों में फेमा उल्लंघन का शक, कई ठिकानों पर रेड
ईडी को शक है कि कुछ कारोबारी भारत से हवाला चैनलों के जरिए पैसे विदेश भेजते थे और फिर उन्हीं पैसों से दुबई में महंगी संपत्तियां खरीदते थे। एजेंसी हवाला नेटवर्क के जरिए किए गए अवैध विदेशी लेनदेन और बेहिसाब निवेश का पता लगाने में जुटी है। इस अभियान के दौरान ईडी ने कई अहम दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए हैं, जिनसे अब अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की कड़ी खुलने की उम्मीद है।
रिलायंस पावर केस में नई गिरफ्तारी, अनिल अंबानी से पूछताछ तय
इसी बीच, ईडी ने उद्योगपति अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर लिमिटेड से जुड़े एक फर्जी बैंक गारंटी मामले में अमरनाथ दत्ता को गिरफ्तार किया है। अदालत ने उन्हें चार दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले इसी केस में कंपनी के पूर्व सीएफओ अशोक पाल और बिस्वाल ट्रेडलिंक प्रा. लि. के एमडी पार्थ सारथी बिस्वाल को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। ईडी के मुताबिक, इन लोगों ने सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (SECI) को 68 करोड़ रुपए से अधिक की फर्जी बैंक गारंटी जमा की थी। एजेंसी ने अब अनिल अंबानी को भी 14 नवंबर को पूछताछ के लिए फिर से तलब किया है।

