अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत सरमोंदा गांव के बाहर जुड़ी डूंगरी के पास रविवार सुबह एक डंफर चालक का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान माधव सरदार (51) के रूप में हुई है, जो वर्षों से वाहन चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।
परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना को हत्या करार दिया है। उनका कहना है कि माधव सरदार एक शांत स्वभाव के और मिलनसार व्यक्ति थे, जिनका किसी से कोई विवाद नहीं था। रविवार सुबह वे रोज की तरह अपने काम के लिए घर से निकले थे, लेकिन कुछ ही दूरी पर एक पेड़ से उनका शव गमछे के सहारे लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शव की स्थिति और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या लगती है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटकाया गया हो सकता है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर तथ्यों को खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

