Jamshedpur News: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे फार्म एरिया रोड नंबर-10 पर एक महिला पूजा से लौट रही थी, तभी दो बाइक सवार अपराधियों ने अचानक हमला कर उसकी सोने की चेन छीन ली। चेन का एक हिस्सा महिला के पास बच गया जबकि बाकी हिस्सा चोर लेकर भाग गए।

स्थानीय नेता और परिवार ने पुलिस से की गुहार

घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल भाजपा कदमा मंडल के पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह को सूचना दी, जिन्होंने महिला के साथ थाने जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। राजेश सिंह ने बढ़ती अपराध दर को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस से सख्त कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा में सुधार नहीं किया गया तो पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य हो सकती है।

पुलिस ने शुरू की जांच

डीएसपी मनोज ठाकुर ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। एक दिन पहले भी इसी क्षेत्र में एक खिलाड़ी से चेन छिनने की घटना हुई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।

सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग

स्थानीय लोग अपराधियों के बढ़ते हौसले पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने की मांग कर रहे हैं ताकि इस तरह की वारदातों पर नियंत्रण पाया जा सके।

Share.
Exit mobile version