Bihar News: पूर्वी चंपारण जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुगौली थाना पुलिस और पटना मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डीसीएम वाहन से विदेशी शराब की भारी खेप बरामद की है। यह कार्रवाई श्रीपुर चौक के पास की गई, जहां बेतिया की ओर से आ रहे एक संदिग्ध डीसीएम वाहन को रोककर जांच की गई।

गैस की गंध नहीं, शराब की खुशबू! सुगौली पुलिस ने नाकाम किया तस्करी का ‘गैस सिलेंडर’ वाला प्लान

पुलिस जांच में सामने आया कि तस्करों ने शराब छुपाने का बेहद शातिर तरीका अपनाया था। डीसीएम वाहन में गैस भरने वाली तीन बड़ी टंकियां लगी थीं, जिनके अंदर विदेशी शराब की बोतलें छुपाकर रखी गई थीं, ताकि किसी को शक न हो। तस्कर इसी भरोसे श्रीपुर चौक तक पहुंच चुका था, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस टीम ने वाहन को रोक लिया।

इस खबर को भी पढ़ें : मन्हो चौक पर पुलिस की बड़ी पकड़, अवैध शराब के साथ चालक गिरफ्तार

तलाशी के दौरान जब गैस टंकियों को खोला गया तो पुलिस भी हैरान रह गई। टंकियों के अंदर हरियाणा निर्मित विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस के अनुसार रॉयल ग्रीन ब्रांड की 750 एमएल की 405 बोतलें, 375 एमएल की 94 बोतलें, 180 एमएल की 35 बोतलें और ब्लैक बकार्डी की 11 बोतलें जब्त की गई हैं। कुल मिलाकर करीब 353 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है।

मौके से डीसीएम वाहन के चालक सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। जब्त वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर DL1LAQ4184 बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक मध्यप्रदेश का रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि शराब तस्करी के पीछे सक्रिय गिरोह और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाया जा सके।

सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

Share.
Exit mobile version